Header Ads

दिखाओ तस्वीर!

और भाई क्या हाल-चाल हैं, और सब सही?
घर परिवार में किसी का रेप तो नहीं हुआ? नहीं!
हां जब ये सवाल इसी तरह आम हो जाएगा,
तब तुम्हें मेरी बेचैनी और गुस्से का सबब समझ आएगा।

देख रहे हो क्या चल रहा है..
रेप विक्टिम का चेहरा मत दिखाओ, जो मर गया उसको छुपाओ..
कुछ रोज़ चिल्लाओ- गुस्सा दिखाओ, शेम-शेम, जस्टिस-जस्टिस.. करके हैश टैग चलाओ।
और अगली खबर के उछलने तक फिरसे सब भूल जाओ।

अब मत छुपाओ रेप विक्टिम का चेहरा, ये कड़वा सच सबको दिखाओ।
इनकी ज़िन्दगी बर्बाद न हो, तो जो मार दी गईं उनकी हर तस्वीर सामने लाओ।
जब ये तस्वीरें सामने आएंगी तभी लोगों को वो खौफ का मंजर समझ आएगा,
जब कल उन्हें और उनके अपनों को इस आग में झोंका जाएगा।

दिखाओ उस 80 साल की बुढ़िया की तस्वीर, जिसके पड़ोस में रहने वाले 15 साल के लड़के ने उसका रेप किया। 

आवाज़ न निकले मुंह से, उसके जबड़े में कपड़ा ठूंस दिया।
मर गई वो थम गई जब सांस उसकी, अब वो तृप्त था क्योंकि मिट चुकी थी भूख उसकी।

दिखाओ उस चार महीने की बच्ची की तस्वीर, जिसके नन्हे से बदन को हवस ने चीर दिया..
दिखाओ तस्वीर उस मासूम बेटी की भी, जिसके सौतेले बाप ने हवस में बेच अपना ज़मीर दिया..
दिखाओ उस लड़की की तस्वीर जिसके प्रेमी ने अपने दोस्तों के हवाले कर उसे बेच दिया..
दिखाओ तस्वीर उस बहन की जिसकी दीदी की मदद से जीजा ने उसका रेप किया..

दिखाओ तस्वीर उनको जो लड़की के कपड़ों को रेप की वजह बताते हैं..
दिखाओ ये मंज़र जो लड़कों से गलती हो जाती है का राग गाते हैं..
दिखाओ तस्वीर उन्हें जिनके लिए रेप का दर्द झेलने वाली बदचलन हो जाती है..
और दिखाओ तस्वीर उनको, जिनके लिए ताली 'दोनों' हाथों से बज पाती है..

दिखाओ तस्वीर उनको जिनके लिए रेप अब आम हो गया है..
दिखाओ तस्वीर उन्हें जिनके लिए कानून विधायक चाचा का गुलाम हो गया है..
दिखाओ तस्वीर उन्हें जो कहते हैं हर कोई ऐसा नहीं होता..
दिखाओ तस्वीर कैसे हैवान हर इंसान हो गया है...

अरे क्या पता तस्वीरों से ही खौफ खाएं,
तस्वीरों में झांकते चेहरों को देख चेहरे पर शिकन आए!
इन मर चुके चेहरों में शायद अपना नज़र आ जाए..
जिन्हें नोचा गया शायद वही इनको डराऐं..

अब मत छुपाओ नाम और तस्वीर जल्लादों..
नहीं जाती कोई इज़्ज़त यहां सारे ही नंगे हैं..
दिखाओ क्योंकि तस्वीर भयानक है.. अब भी फर्क नहीं पड़ता तुम्हें तो लानत है..
ये तो मर चुके और बह गया अब खून सारा.. ज़रा देखो यही महान भारत है!

: प्राणेश  

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.